बिलासपुर की सियासत में नेतृत्व का अकाल या विरासत की राजनीति? अब उद्योगपति प्रवीण झा संभालेंगे शहर के विकास की कमान ?
माटीपुत्र नेताओं की लंबी कतार के बीच उद्योगपति प्रवीण झा की राजनीति में एंट्री के संकेत—अयोध्या यात्रा, समाजसेवा और व्यापारिक पहचान के बाद अब विकास की राजनीति का दांव?

प्रचंड प्रहार न्यूज नेटवर्क/बिलासपुर। “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया”—छत्तीसगढ़ की पहचान बन चुका यह नारा एक बार फिर बिलासपुर की सियासत के बीच सवाल बनकर खड़ा है। अगर माटीपुत्र सचमुच सबले बढ़िया हैं, तो फिर शहर के विकास की कमान संभालने के लिए उद्योग जगत से आए प्रवीण झा जैसे नए चेहरे की जरूरत क्यों महसूस होने लगी?

बिलासपुर प्रेस क्लब के प्रतिष्ठित कार्यक्रम “हमर पहुना” में उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा ने अपने जीवन संघर्ष से लेकर बिलासपुर के विकास तक कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने एयरपोर्ट को शहर के विकास की पहली प्राथमिकता बताते हुए यह भी संकेत दिया कि जरूरत पड़ी तो वे राजनीति में आने से पीछे नहीं हटेंगे। यहीं से बिलासपुर की सियासत में एक नई चर्चा शुरू हो गई है—क्या प्रवीण झा की राजनीति में एंट्री महज संयोग होगी या इसके पीछे लंबे समय से तैयार की जा रही रणनीति?
व्यापारी राजनीति में क्यों उतरते हैं?
छत्तीसगढ़ में कारोबार करने वाले कई व्यापारिक वर्गों को लेकर समय-समय पर यह चर्चा रही है कि राजनीतिक प्रभाव रखने वाले लोगों के दबाव, चुनावी चंदे और फंडिंग जैसी अपेक्षाओं के कारण उन्हें राजनीतिक दलों से नजदीकी बनानी पड़ती है। कई व्यापारी बाद में खुद राजनीति में उतर गए और कुछ ने सफलता भी हासिल की।
छापे की चिंता नहीं, सरकार किसी की भी हो।”
इसी संदर्भ में प्रवीण झा का “हमर पहुना” कार्यक्रम में दिया गया यह बयान भी चर्चा में है कि “छापे की चिंता नहीं, सरकार किसी की भी हो। ”क्या यह केवल आत्मविश्वास भरा बयान था या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत अनुभव भी है? इसका स्पष्ट जवाब सामने नहीं है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर तरह-तरह के कयास जरूर लगाए जा रहे हैं। क्या कारोबार से राजनीति की ओर बढ़ते कदमों के पीछे सिर्फ शहर के विकास की चिंता है या बदलते राजनीतिक समीकरण भी इसकी वजह हैं? यह सवाल फिलहाल खुला हुआ है।
अयोध्या यात्रा बनी जनसंपर्क की बड़ी ताकत?
प्रवीण झा की दूसरी बड़ी पहचान पिछले कुछ वर्षों से आम लोगों के लिए आयोजित की जा रही निःशुल्क अयोध्या यात्रा से बनी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराने की इस पहल ने उन्हें शहर के आम लोगों के बीच एक अलग पहचान दी है। धार्मिक आस्था और समाजसेवा के इस मेल ने निश्चित रूप से उनकी सामाजिक पहुंच बढ़ाई है। यही वजह है कि अब राजनीतिक चर्चाओं में यह सवाल भी उठने लगा है—अगर यही सामाजिक पहचान चुनावी मैदान में तब्दील होती है तो क्या स्थापित नेताओं के लिए प्रवीण झा नई चुनौती बन सकते हैं?
माटीपुत्र नेताओं का अकाल या राजनीतिक विरासत?
बिलासपुर ने वर्षों से विधायक, मंत्री, सांसद और बड़े राजनीतिक चेहरे दिए हैं। राजनीतिक दलों के पास संगठन हैं, कार्यकर्ता हैं और नेताओं की कमी भी नहीं है।
“फिर सवाल यही है— 1. क्या इन तमाम चेहरों में कोई ऐसा माटीपुत्र नहीं, जो बिलासपुर के विकास की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ सके?
2. क्या राजनीतिक दलों ने स्थानीय युवाओं को पर्याप्त अवसर दिया?
3. क्या राजनीति में नए चेहरों के बजाय स्थापित समीकरण और विरासत ज्यादा महत्वपूर्ण हो गए हैं?
और यदि ऐसा नहीं है, तो फिर एक उद्योगपति को यह कहने की जरूरत क्यों महसूस हो रही है कि जरूरत पड़ी तो वह खुद राजनीति में उतरकर शहर के लिए संघर्ष करेगा?
एयरपोर्ट जरूरी है, लेकिन क्या विकास सिर्फ हवाई सेवा है?
प्रवीण झा ने बिलासपुर के विकास के लिए एयरपोर्ट को पहली प्राथमिकता बताया। निश्चित रूप से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी उद्योग, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। लेकिन सवाल यह है—क्या एयरपोर्ट बनते ही बिलासपुर का विकास पूरा हो जाएगा? शहर को बेहतर अस्पताल चाहिए, युवाओं के लिए रोजगार चाहिए, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा चाहिए, बेहतर यातायात और पार्किंग चाहिए, साफ-सफाई और जल निकासी चाहिए और परिवारों के लिए सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल भी चाहिए।
बिलासपुर शांत है, लेकिन कमजोर नहीं
प्रवीण झा ने खुद कहा कि बिलासपुर शांत जरूर है, लेकिन कमजोर नहीं। यही बात शायद शहर की राजनीति को भी समझनी होगी। जनता अगर सवाल पूछने लगे कि हमारे शहर को उसका पूरा हक क्यों नहीं मिला, तो केवल भाषण और चुनावी वादे पर्याप्त नहीं होंगे। बिलासपुर को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे पांच साल जनता के बीच दिखाई दे।
अब असली सवाल—प्रवीण झा की रणनीति कितनी तैयार है?
एक तरफ उद्योग जगत में स्थापित पहचान, दूसरी तरफ समाजसेवा, तीसरी तरफ अयोध्या यात्रा के माध्यम से आम जनता के बीच बढ़ती पहुंच और अब बिलासपुर के विकास को लेकर मुखर बयान। इन सभी कड़ियों को एक साथ देखें तो सवाल उठना स्वाभाविक है—क्या प्रवीण झा राजनीति में प्रवेश के लिए धीरे-धीरे अपना सामाजिक और जनाधार तैयार कर रहे हैं? या फिर यह केवल एक समाजसेवी और उद्योगपति की शहर के प्रति चिंता है?
इसका जवाब आने वाला समय देगा।
फिलहाल इतना जरूर है कि अगर प्रवीण झा चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो बिलासपुर की स्थापित राजनीति के सामने एक नया चेहरा, नया संसाधन और नया सामाजिक समीकरण खड़ा हो सकता है। लेकिन प्रवीण झा की संभावित राजनीतिक एंट्री ने एक असहज सवाल जरूर खड़ा कर दिया है— जब बिलासपुर में माटीपुत्र नेताओं की इतनी बड़ी फौज है, तो फिर शहर के विकास की लड़ाई लड़ने के लिए उद्योगपति को राजनीति का रास्ता क्यों दिखाई दे रहा है?
👉 अब देखना दिलचस्प होगा कि बिलासपुर पुराने राजनीतिक चेहरों पर भरोसा कायम रखता है या प्रवीण झा जैसे नए चेहरे को विकास की कमान सौंपने की संभावना पर विचार करता है। क्योंकि “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” केवल नारा नहीं—बिलासपुर का विकास भी अब इसी दावे की असली परीक्षा है।