November 24, 2026 |
Search
Close this search box.

BREAKING NEWS

विविधताओं में एकता ही भारत की असली ताकत, युवा गढ़ेंगे 2047 का विकसित भारत : अरुण सावदवाएं हो रहीं बेअसर! रोगाणुओं का बढ़ता प्रतिरोध दुनिया के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरासहकारी बैंक में चेक का खेल! स्वीकृति कुछ और भुगतान ₹3.38 लाख ज्यादा; तीन गिरफ्तारMSP में ₹258 की बढ़ोतरी, सहायता का अंतर भी ₹258 घटा! विजय केशरवानी ने सरकार से मांगा हिसाबहोटल की चमक-दमक के पीछे रसोई की हकीकत पर सवाल! आठ प्रतिष्ठानों में खाद्य विभाग की जांच, कमियां मिलने पर सुधार की चेतावनीदो महीने की खरीदी में पूरा धान खरीदने की तैयारी है या नहीं? MSP और कृषक उन्नति योजना के गणित पर विजय केशरवानी ने सरकार को घेरा20 या 21 नवंबर, कब मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी? बिलासपुर के पंचांग में सामने आई दो परंपराओं की अलग-अलग तारीखें!10 हजार मानदेय में सरकारी योजनाओं का बोझ, भविष्य की सुरक्षा पर सवाल! काली साड़ी-काला चश्मा पहनकर सड़कों पर उतरीं आंगनबाड़ी कर्मी, सरकार को आंदोलन का अल्टीमेटम‘गर्भपात नहीं, अपूर्ण गर्भपात का इलाज किया’—डॉ. उज्ज्वला कराडे बोलीं, ‘चिकित्सकीय धर्म निभाया, कोई अपराध नहीं किया’; पुलिस से मांगी निष्पक्ष जांचपटवारियों पर कार्रवाई से कर्मचारियों में आक्रोश, 3% DA के एरियर्स की भी उठी मांग; कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी!
छत्तीसगढ़देश

विविधताओं में एकता ही भारत की असली ताकत, युवा गढ़ेंगे 2047 का विकसित भारत : अरुण साव

‘वंदे मातरम शिविर’ में छह राज्यों के 150 युवाओं से मिले उप मुख्यमंत्री; बोले—सात दिनों में सिर्फ दोस्त नहीं, देशभर में बने नए पारिवारिक रिश्ते

सिरपुर से विधानसभा तक छत्तीसगढ़ की संस्कृति, इतिहास और विकास को करीब से जाना; डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता पर भी मिला मार्गदर्शन

प्रचंड प्रहार न्यूज नेटवर्क | बिलासपुर।

भारत की असली ताकत उसकी भाषाई, सांस्कृतिक और भौगोलिक विविधताओं में छिपी एकता है। यही आपसी जुड़ाव देश को मजबूत बनाता है और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देता है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं से मुलाकात के दौरान कही।

भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए युवाओं ने सात दिवसीय प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास की झलक देखी। प्रवास के अंतिम दिन नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्होंने अपने अनुभव साझा किए।

अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसके नेतृत्व की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। देश के युवाओं में प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास की कमी नहीं है। जरूरत है कि वे अपनी ऊर्जा और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण में लगाएं तथा देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि सात दिनों का यह शिविर युवाओं को केवल यादें देकर विदा नहीं कर रहा, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी दे रहा है। यहां बने रिश्ते और साझा अनुभव भविष्य में भी एक-दूसरे के काम आएंगे। सात दिनों में आपने केवल 200 दोस्त नहीं बनाए, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में 200 नए परिवारों से संबंध जोड़े हैं। यही आत्मीयता और आपसी विश्वास भारत की वास्तविक ताकत है।

विविधता अलगाव नहीं, भारत की पहचान

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और पहनावा बदल जाता है, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान और एकता कभी नहीं बदलती। भाषा और भूगोल हमारी एकता की सीमाएं नहीं हैं। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना ही वंदे मातरम शिविर का मूल उद्देश्य है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान भी जरूरी है। युवाओं में अपनी विरासत के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव ही भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए साव ने कहा कि चुनौतियां हर व्यक्ति के जीवन में आती हैं, लेकिन आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की क्षमता रखने वाले ही सफलता हासिल करते हैं। कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिविर में मिली ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवनभर बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी उपस्थित थे।

सिरपुर से विधानसभा तक छत्तीसगढ़ की विरासत से परिचय

मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में छह राज्यों के 150 युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा और आधुनिक जीवन-कौशल को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता के प्रति जागरूक करना था।

प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके अलावा सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और विधानसभा का भ्रमण किया। इन स्थलों के माध्यम से उन्होंने छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत के साथ राज्य के विकास को करीब से समझा।

सामाजिक सरोकारों के तहत युवाओं ने रायपुर के ‘सियान गुड़ी’ वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह का भ्रमण कर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। वहीं डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराधों से बचाव और उद्यमिता जैसे विषयों पर संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए।

शिविर में जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह), रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव के जरिए प्रतिभागियों को एक-दूसरे की परंपराओं, खानपान और जीवनशैली को जानने का अवसर मिला।

प्रचंड प्रहार की बात

सात दिनों का यह आयोजन केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच पर जोड़ने की पहल भी बना। असली सफलता तब होगी, जब शिविर में बने ये रिश्ते, सीखे गए जीवन-कौशल और राष्ट्र निर्माण का संकल्प कार्यक्रम की समाप्ति के बाद भी व्यवहार में दिखाई दें। क्योंकि विकसित भारत का सपना केवल नारों से नहीं, बल्कि जागरूक, सक्षम, जिम्मेदार और एकजुट युवा पीढ़ी के प्रयासों से साकार होगा।

Prachand Prahar

Related Articles

Check Also
Close