October 23, 2026 |
Search
Close this search box.

BREAKING NEWS

अनुशासन की कदमताल, संगठन की ताकत! संजीवनी प्रभात शाखा का पथ संचलन संपन्नअरपा में बढ़ सकता है जलस्तर, विसर्जन में लापरवाही पड़ सकती है भारी!माता के दरबार में जात-पात नहीं, सिर्फ भक्तों की पहचान! त्रिलोक चंद्र श्रीवास का सामाजिक समरसता का संदेशपत्नी के सम्मान और संघर्ष की कहानी, अशोक व्यास की 15वीं पुस्तक ‘एक पत्नी पर पुस्तक क्यों?’ का विमोचनगौवंश के पेट में पन्नी, नालियों में प्लास्टिक, पानी में जहर का खतरा! प्रतिबंध के बावजूद लगाम कहां?महामाया के दरबार में भूपेश बघेल की आस्था, बिलासपुर में कांग्रेस नेताओं का आत्मीय स्वागत; सियाराम कौशिक से मुलाकात और मस्तूरी में जागरण में हुए शामिलआस्था की ध्वज यात्रा या राजनीतिक संदेश? अंकित गौरहा ने विधायक सुशांत शुक्ला से मांगा जवाबअपोलो से जुड़ी मेडिकल कचरा जलाने की शिकायतों ने बढ़ाई चिंता, लिंगियाडीह के रहवासी परेशानअवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की सख्ती: 10 वाहन जब्त, एक मामले में 3 साल का कठोर कारावासगरबा के मंच पर ‘लॉलीपॉप लागेलु’! पंखीड़ा पर बवाल, आस्था के नाम पर आखिर चल क्या रहा है?
Uncategorized

अब ऑटो में सफर से पहले एक स्कैन… पहचान सामने!

बिलासपुर पुलिस का डिजिटल सुरक्षा दांव: QR कोड से ऑटो और चालक की जानकारी, पहले दिन 3000 से अधिक पंजीयन

प्रचंड प्रहार न्यूज नेटवर्क/बिलासपुर।

शहर की सड़कों पर दौड़ते ऑटो-रिक्शा अब सिर्फ सार्वजनिक परिवहन का साधन नहीं, बल्कि डिजिटल पहचान से जुड़े सुरक्षा नेटवर्क का हिस्सा बनने जा रहे हैं। बिलासपुर पुलिस ने गुरुवार को “रिक्शा डिजिटल पंजीकरण एवं नागरिक सुरक्षा नेटवर्क” की शुरुआत की। पुलिस के अनुसार पहले ही दिन 3000 से अधिक ऑटो चालकों ने QR कोड के जरिए डिजिटल पंजीयन कराया।

चेतना भवन पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में आईजी बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में इस पहल का शुभारंभ हुआ। पुलिस का दावा है कि जिले के सभी ऑटो का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर प्रत्येक पंजीकृत वाहन को विशिष्ट डिजिटल आईडी और QR कोड दिया जाएगा।

स्कैन करते ही मिलेगी जानकारी

योजना के मुताबिक ऑटो में लगाए गए QR कोड को यात्री मोबाइल से स्कैन कर संबंधित ऑटो और चालक से जुड़ी उपलब्ध जानकारी देख सकेंगे। डिजिटल पंजीयन में चालक की पहचान, फोटो, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी विवरण दर्ज किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

यानी सफर शुरू करने से पहले यात्री के पास कम से कम इतना विकल्प होगा कि वह जिस ऑटो में बैठ रहा है, उसकी पहचान संबंधी उपलब्ध जानकारी देख सके। खासतौर पर महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूसरे शहरों से आने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।

सिर्फ QR कोड नहीं, असली कसौटी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता

पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से तकनीक और सार्वजनिक सुरक्षा को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन सवाल सिर्फ QR कोड लगाने से खत्म नहीं होते।

क्या डिजिटल रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट होगा?

क्या वाहन बदलने, चालक बदलने या लाइसेंस की वैधता खत्म होने पर जानकारी तत्काल अपडेट होगी?

QR कोड से दिखाई जाने वाली जानकारी कितनी और किस स्तर तक सार्वजनिक होगी?

और सबसे अहम—आपात स्थिति में यह व्यवस्था वास्तव में कितनी तेजी से मदद पहुंचाएगी?

योजना की सफलता इन्हीं सवालों के व्यावहारिक जवाबों पर निर्भर करेगी।

पुलिस ने तीन दिन की समय-सीमा बताई

बिलासपुर पुलिस के अनुसार जिले के सभी ऑटो चालकों को QR कोड स्कैन कर डिजिटल पंजीकरण कराने के लिए तीन दिवस की समय-सीमा दी गई है। इसके लिए जिले के अलग-अलग चौक-चौराहों पर अभियान चलाने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि QR आधारित पहचान व्यवस्था से सार्वजनिक परिवहन में पारदर्शिता, सत्यापन और जवाबदेही मजबूत करने में मदद मिलेगी।

ऑटो चालक पुलिस के ‘सहयोगी’—आईजी गर्ग

आईजी रामगोपाल गर्ग ने ऑटो चालकों को पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए कहा कि शहर और जिले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार आवाजाही करने के कारण ऑटो चालक स्थानीय गतिविधियों से परिचित रहते हैं। उन्होंने सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने इसी तर्ज पर सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले ठेला, गुमचा और दुकानदारों के लिए भी वेंडर पॉलिसी के तहत QR आधारित व्यवस्था की जरूरत पर बात रखी।

5000 से अधिक ऑटो चालकों की मौजूदगी का दावा

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, नगर निगम अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों के साथ जिलेभर से बड़ी संख्या में ऑटो चालक पहुंचे। पुलिस के अनुसार 5000 से अधिक ऑटो चालक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

‘प्रचंड प्रहार’ सवाल

तकनीक से पहचान आसान हो सकती है, लेकिन सुरक्षा सिर्फ QR कोड से नहीं, उसके पीछे खड़े मजबूत सिस्टम से तय होगी। डिजिटल डेटाबेस कितना सटीक रहेगा, शिकायत या आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया कितनी तेज होगी और नियमों का पालन न करने वाले वाहनों पर क्या कार्रवाई होगी—इन सवालों के जवाब ही इस महत्वाकांक्षी पहल की असली परीक्षा होंगे।

बिलासपुर पुलिस ने डिजिटल पहचान की शुरुआत कर दी है; अब देखना यह है कि यह QR कोड सिर्फ ऑटो पर चिपका एक निशान बनकर रह जाता है या वास्तव में यात्रियों के लिए सुरक्षा की ढाल बनता है।

खबर वही, जो सवाल भी करे।

प्रचंड प्रहार न्यूज नेटवर्क बिलासपुर।

Prachand Prahar

Related Articles

Check Also
Close